देहरादून। जनपद देहरादून के शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठता के आधार पर स्थानांतरण प्रक्रिया को जल्द शुरू करने, अनुरोध (रिक्वेस्ट) आधारित स्थानांतरण के अवसर दोबारा खोले जाने तथा डोईवाला विकासखंड के शिक्षकों के चयन वेतनमान और लंबित एरियर का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।
शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि इन मामलों के लंबे समय से लंबित रहने के कारण शिक्षक समुदाय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शिक्षकों के हितों से जुड़े इन मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
बैठक के दौरान शिक्षकों की अन्य सेवा संबंधी और प्रशासनिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और उनका नियमानुसार परीक्षण कर यथाशीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र रावत के नेतृत्व में शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की समस्याओं को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल में चकराता ब्लॉक अध्यक्षा संगीता चौहान, चकराता ब्लॉक मंत्री हेमंत नंदन भट्ट, डोईवाला ब्लॉक मंत्री सिद्धार्थ शर्मा, शैलेन्द्र कुमार, सशी कपूर, दीपक, नेना बडोला और मधुबाला सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि शिक्षकों की न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए जल्द आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे शिक्षकों की समस्याओं का समाधान होगा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
