कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन, तिरंगा रैली में उमड़ा उत्साह; विद्यार्थियों को किया सम्मानित
नई टिहरी/देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से नई टिहरी में दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।
फोटो प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, वंदे मातरम की ऐतिहासिक विरासत तथा वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी जा रही है।
‘तिरंगा देश की आन, बान और शान’
प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
गणेश जोशी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा और देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को सराहा।
तिरंगा रैली में विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रएकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान आयोजित तिरंगा रैली में चम्बा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रीदेव सुमन पार्क से हाथों में तिरंगा लेकर निकली रैली ने शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रैली में अपर जिला मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
सीबीसी देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कविता, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त किया।
मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने 13 अगस्त को नई टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।
कविता प्रतियोगिता:
- प्रथम — कुमारी आकृति, वीबीएस पब्लिक स्कूल
- द्वितीय — कुमारी अवंतिका, ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल
- तृतीय — प्रतिमा चौहान, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
चित्रकला प्रतियोगिता:
- प्रथम — आरुम हुसैन, ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल
- द्वितीय — आरुषी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
- तृतीय — खुशी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता:
- प्रथम — रिद्धिमा, ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल
- द्वितीय — कुमारी फाइजा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
- तृतीय — रहनुमा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
विभाजन की पीड़ा से नई पीढ़ी को कराया रूबरू
विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में सूचना विभाग टिहरी की ओर से भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उस दौर की पीड़ादायक स्मृतियों को दर्शाती विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष और अपने घर-बार से बिछड़ने की कहानी को तस्वीरों और विवरण के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर विभाजन के बाद पाकिस्तान से टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मान का यह क्षण भावुक कर देने वाला रहा।
कार्यक्रम ने नई पीढ़ी को इतिहास के इस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डीएम टिहरी नितिका खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चम्बा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
