मसूरी। लंढौर बाजार में लंबे समय से चल रहे भूधंसाव क्षेत्र के मरम्मत कार्य में हो रही देरी और स्थानीय लोगों की नाराजगी के बीच पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्षेत्र में जल संस्थान की सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर जल संस्थान ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। भूधंसाव प्रभावित क्षेत्र के एक हिस्से में आरसीसी डालने का कार्य पूरा हो चुका है और अगले एक-दो दिनों में पैदल आवाजाही के लिए मार्ग खोलने की तैयारी की जा रही है।
हालांकि सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद स्थानीय लोग जोखिम उठाकर पैदल इसी मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार वाहनों की आवाजाही शुरू होने में अभी लगभग दो सप्ताह का समय लगेगा। आरसीसी के पूरी तरह मजबूत होने के साथ-साथ दोनों ओर नालियों का निर्माण भी किया जाना है, जिसके चलते कार्य में कुछ और समय लग सकता है।
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि लंढौर क्षेत्र की यह समस्या कई दशकों से बनी हुई थी, जिसका अब स्थायी समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बाजार के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान व्यापार प्रभावित होने के बावजूद सभी ने धैर्य और सहयोग का परिचय दिया।
गौरतलब है कि लंढौर बाजार में पिछले तीन दशक से अधिक समय से भूधंसाव की समस्या बनी हुई थी। हर वर्ष जमीन धंसने से आसपास के भवनों की सुरक्षा पर खतरा मंडराता रहा। कई बार भू-वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। अब प्रदेश सरकार और मंत्री गणेश जोशी के सहयोग से लोक निर्माण विभाग द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम दिया जा रहा है।
