देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से शुभकामना पत्र भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2022 में जनता द्वारा दूसरी बार राज्य की सेवा का अवसर मिलने के बाद सरकार ने बेरोजगारी कम करने और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अब तक लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवा में नियुक्ति दे चुकी है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने पत्र में नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं ईमानदार चयन प्रणाली के कारण योग्य युवाओं को उनका उचित सम्मान मिल रहा है।
उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से अपील की कि वे ईमानदारी, निष्पक्षता और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में सदैव तत्पर रहें। मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर संवाद कर उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित भी किया।
