देहरादून/एकेश्वर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी योजना’ का उद्देश्य केवल महिलाओं की आय बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, स्वावलंबी और समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाना है।
एकेश्वर (पणखेत) विकासखंड मुख्यालय में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के विभिन्न विकासखंडों की 48 लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नूतन तनू पंत सहित समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 48 वरिष्ठ महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना, मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, नमो ड्रोन दीदी योजना और लखपति दीदी अभियान जैसी कई ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं खेती, पशुपालन, उद्यम और परिवार की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करती हैं। अब उन्हें आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, विपणन और वित्तीय सहायता से जोड़कर और अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाएं तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को नई मजबूती दें।
महाराज ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “जब मातृशक्ति सशक्त होगी, तभी उत्तराखंड और भारत सशक्त बनेगा।”
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं। सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री मधुबाला और रजनी मोर्या ने किया।
