देहरादून/हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए किसानों को राज्य की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि और बागवानी को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हरिद्वार आने वाले समय में विकास की नई पहचान बनेगा।
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों, बागवानी विशेषज्ञों तथा उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आम अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए देशभर में अलग पहचान रखते हैं और इस तरह के आयोजन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ कृषि एवं बागवानी को नई दिशा देते हैं।
एप्पल मिशन में 80% तक सब्सिडी, कीवी और ड्रैगन फ्रूट को भी बढ़ावा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल मिशन के तहत 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, महक क्रांति, सुगंधित एवं औषधीय पौधों पर आधारित उद्योगों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक और बिना रसायनों से तैयार परफ्यूम की मांग देश-विदेश में लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
‘हिमालय ब्रांड’ से महिलाओं के उत्पादों को मिल रही नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए ‘हिमालय ब्रांड’ के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को देश और दुनिया में नई पहचान मिल रही है। बेहतर गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग के कारण स्थानीय उत्पादों की ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ रही है।
यूसीसी, नकल विरोधी और धर्मांतरण कानून का भी किया उल्लेख
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसलों की पूरे देश में चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मदरसा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नया शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है।
हरिद्वार को विकास की नई गति देने का संकल्प
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास, कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन, पर्यटन, निवेश और खनन जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारत सरकार ने उत्तराखंड को 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी दिया है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार को विकास की इस तेज रफ्तार यात्रा में और आगे बढ़ाना सरकार का लक्ष्य है और विकास कार्य किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं चाहिए। आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को नई पहचान देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
