देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से एचडीएफसी बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत जनहित के लिए उपलब्ध कराई गई 4 अत्याधुनिक एम्बुलेंस का फ्लैग ऑफ किया। यह पहल राज्य के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निजी संस्थाओं द्वारा जनहित में किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहद जरूरी है। एचडीएफसी बैंक द्वारा CSR के माध्यम से उपलब्ध कराई गई ये एम्बुलेंस जरूरतमंद लोगों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने एचडीएफसी बैंक की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों, आपदा की स्थितियों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसी सेवाएं अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने आगामी हरिद्वार कुंभ और अन्य पर्वतीय जनपदों के लिए भी CSR के माध्यम से अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि इन एम्बुलेंस में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं एवं आवश्यक आपातकालीन उपकरण उपलब्ध हैं। साथ ही आगामी तीन वर्षों तक प्रत्येक एम्बुलेंस में चिकित्सक, नर्स, अटेंडेंट एवं चालक की व्यवस्था भी बैंक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
प्रारंभिक चरण में ये एम्बुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जनपदों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। भविष्य में इनका उपयोग प्रमुख धार्मिक आयोजनों एवं आपदा प्रबंधन कार्यों में भी किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, विनोद कंडारी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित एचडीएफसी बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
