देहरादून। उत्तराखंड और हरियाणा सहकारिता क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाते हुए बैंकिंग नवाचारों, डिजिटल सेवाओं और किसान हितैषी योजनाओं को साझा करेंगे। उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने एक दिवसीय चंडीगढ़ दौरे के दौरान हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के मुख्यालय का भ्रमण कर अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय समावेशन तथा किसानों, महिलाओं और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली गई। डॉ. रावत ने कहा कि सहकारी बैंकिंग के क्षेत्र में हरियाणा द्वारा अपनाए गए नवाचार, पारदर्शी व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाएं अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच अनुभवों और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देगा।
डॉ. रावत ने उत्तराखंड सरकार की दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज (ब्याज मुक्त) ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और कृषि क्षेत्र को नई गति मिली है।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बैंक नई ऊंचाइयों को छुएगा।
वहीं, बैंक अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल ने उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र में हुए नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में शून्य ब्याज ऋण योजना, सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल पहल की चर्चा हरियाणा सहित अन्य राज्यों में भी हो रही है।
बैठक के दौरान बैंक अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग, किसानों के लिए संचालित योजनाओं और सहकारी बैंकिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण भी दिया। कार्यक्रम में बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रफुल्ल रंजन, महाप्रबंधक उर्वशी गुप्ता, उप महाप्रबंधक सुधा शर्मा, प्रबंधक जसपाल पंवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
