देहरादून। उत्तराखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों ने भाग लिया। समीक्षा के दौरान विधानसभावार प्रगति का आकलन किया गया, जिसमें अब तक के कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए सहसपुर, डोईवाला, विकासनगर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान को और तेज़ी से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी तक पूरी नहीं हो सकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर समयबद्ध तरीके से सत्यापन पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी किसी प्रकार की समस्या सामने आए, वहां संबंधित बीएलओ (BLO) के साथ समन्वय स्थापित कर स्वयं फील्ड विजिट करें और मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सत्यापन केवल भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य अभिलेखों के आधार पर ही किया जाए। इसके अलावा वर्ष 2003 की एसआईआर प्रति, परिवार रजिस्टर तथा अन्य उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान कर प्रत्येक प्रविष्टि का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए, ताकि निर्वाचक नामावली पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बन सके।
बैठक में विधानसभावार नोटिसों की स्थिति, 100 से अधिक नोटिस वाले मतदेय स्थलों की प्रगति तथा बीएलओ स्तर पर किए जा रहे कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जोगदंडे ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों से कहा कि सभी टीमें आपसी समन्वय और माइक्रो लेवल प्लान के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सत्यापन से वंचित न रहे और जनपद में यह अभियान पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, समस्त ईआरओ, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
