देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों ने गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन से मुलाकात की। विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में भारत भ्रमण पर निकले विद्यार्थियों से मुख्य सचिव ने विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विधायक विनोद कंडारी को मेधावी विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की पहल शुरू करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। किसी भी क्षेत्र में लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, निरंतर सीखने और अनुशासन का कोई विकल्प नहीं है।
तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखने की सीख
मुख्य सचिव ने कहा कि वर्तमान दौर में तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी रूप से सक्षम होने के साथ-साथ खुद को लगातार अपडेट रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा केवल गांव, क्षेत्र या विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के साथ है। इसलिए विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर निरंतर ज्ञान अर्जित करने और स्वयं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
मोबाइल और तकनीक का करें सकारात्मक इस्तेमाल
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और तकनीक के उपयोग को लेकर भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के अनेक फायदे हैं, लेकिन इसके गलत इस्तेमाल से नुकसान भी हो सकता है। इसलिए विद्यार्थियों को मोबाइल और डिजिटल संसाधनों का सदुपयोग करते हुए उनके दुष्प्रभावों से बचना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में यदि कभी कोई गलती हो जाए या किसी परेशानी का सामना करना पड़े तो उसे अकेले न झेलें, बल्कि अपने माता-पिता, गुरुजनों और भरोसेमंद लोगों से जरूर साझा करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं में तनाव जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे में परिवार और शिक्षकों के साथ खुलकर संवाद करना बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने माता-पिता से महत्वपूर्ण बातें न छिपाएं और किसी भी परिस्थिति में सही मार्गदर्शन लेने में संकोच न करें।
अन्य क्षेत्रों में भी शुरू हो ऐसी पहल
मुख्य सचिव ने विधायक विनोद कंडारी की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास अन्य क्षेत्रों में भी किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी विद्यालयी एवं उच्च शिक्षा के छात्र-छात्राओं को भारत भ्रमण कराने की दिशा में प्रयास कर रही है, ताकि विद्यार्थियों को देश की विविधता, संस्कृति, विकास और विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों को करीब से समझने का अवसर मिल सके।
इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, ज्योति यादव, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, अपर सचिव नमामि बंसल सहित शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी एवं देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
