मसूरी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय महिला समिति द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय बार्लोगंज में चित्रकला, निबंध लेखन एवं कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समिति की सदस्याओं ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। आयोजित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पर्यावरण विषय पर अपने विचार चित्रों, कविताओं और निबंधों के माध्यम से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुस्तकें एवं खाद्य सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय की शिक्षिकाओं को पौधे भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्टैंडिंग कमेटी सदस्य कमल शर्मा ने विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं भोजन माता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में जागरूकता, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय महिला समिति की अध्यक्ष भरोसी रावत, सचिव गीतू मनचंदा, उषा धनाई, रजनी अरोड़ा सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।
