विधायक सविता कपूर ने प्रशिक्षार्थियों को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं, बाजार की मांग के अनुरूप कौशल अपडेट रखने का किया आह्वान
देहरादून। आईटीआई निरंजनपुर में शनिवार को दीक्षांत समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले की विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से आए मेधावी प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विभिन्न व्यवसायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कैंट विधायक श्रीमती सविता कपूर मुख्य अतिथि तथा संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण) श्री पंकज कुमार अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात आईटीआई निरंजनपुर के प्रधानाचार्य श्री दिनकर रौंतेला ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह में आईटीआई कालसी, आईटीआई विकासनगर, आईटीआई महिला देहरादून, आईटीआई राजपुर रोड एवं आईटीआई निरंजनपुर के विभिन्न व्यवसायों के टॉपर प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती सविता कपूर ने सभी मेधावी प्रशिक्षार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि कौशल आधारित शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण) श्री पंकज कुमार ने सम्मानित प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बदलते औद्योगिक एवं रोजगार बाजार में युवाओं के लिए अपने तकनीकी कौशल को लगातार विकसित और अपडेट रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से बाजार की मांग और आधुनिक तकनीक के अनुरूप अपने हुनर को निखारने का आह्वान किया।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आकर्षण का केंद्र रहे। प्रशिक्षार्थियों ने सरस्वती वंदना के साथ गढ़वाली, जौनसारी एवं गुजराती नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्य श्रीमती अनुपमा भंडारी द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षार्थियों, अभिभावकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त कर किया गया। समारोह का सफल संचालन रविंद्र सिंह चौहान एवं श्रीमती अनीता नेगी ने किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य (महिला) श्रीमती पल्लवी, कार्यदेशक रविंद्र रावत, शंभू प्रसाद भट्ट, सुभाष, सराफा अली, आशा भंडारी, अनुदेशक नीलम, ममता बहुगुणा, नमिता बहुगुणा, मीनाक्षी, विजयलक्ष्मी, रेनू, दिव्या, अंचला पुंडीर, पंकज, सोनू, जितेंद्र, दीपेंद्र, खजान, मितेंद्र सहित विभिन्न आईटीआई के कर्मचारी, प्रशिक्षार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह ने जहां मेधावी युवाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने का अवसर प्रदान किया, वहीं तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के महत्व को भी रेखांकित किया।
