बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में पहल: भोजन माताओं को दिया गया विशेष प्रशिक्षण, स्वच्छता और पौष्टिक आहार पर जोर – Republic India News

बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में पहल: भोजन माताओं को दिया गया विशेष प्रशिक्षण, स्वच्छता और पौष्टिक आहार पर जोर

अक्षय पात्र फाउंडेशन ने आयोजित किया दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम, सुरक्षित भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक की दी जानकारी

देहरादून। स्कूली बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में अक्षय पात्र फाउंडेशन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में फाउंडेशन की ओर से देहरादून में भोजन माताओं के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भोजन माताओं को खाद्य सुरक्षा, रसोई की स्वच्छता और भोजन तैयार करने की वैज्ञानिक एवं सुरक्षित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण बनाना रहा। इस दौरान भोजन माताओं को भोजन तैयार करने से लेकर उसके सुरक्षित भंडारण और बच्चों को परोसने तक अपनाई जाने वाली जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया।

प्रशिक्षण के दौरान रसोई की नियमित साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, भोजन पकाते समय स्वच्छता के मानकों का पालन तथा बच्चों को स्वच्छ वातावरण में भोजन परोसने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि भोजन तैयार करने में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है, ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार के संक्रमण और खाद्य जनित बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

सैद्धांतिक के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी

कार्यक्रम में केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से भोजन तैयार करने और परोसने की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन भी किया गया। भोजन माताओं को स्वच्छता संबंधी जरूरी आदतों और सुरक्षित भोजन प्रबंधन के तरीकों को व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण में भोजन माताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, वहीं विद्यालय स्टाफ ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

अक्षय पात्र फाउंडेशन के क्लस्टर हेड वेनतया दास के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण अभियान के तहत डिस्ट्रीब्यूशन हेड किशन दुबे एवं प्रीति राणा ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर भोजन माताओं को प्रशिक्षण दिया।

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना लक्ष्य

अक्षय पात्र फाउंडेशन का उद्देश्य विद्यालयों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाना है। इसके साथ ही विद्यालय स्तर पर खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को भोजन माताओं एवं विद्यालय स्टाफ ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भोजन व्यवस्था की दिशा में उपयोगी पहल बताया। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी तथा बच्चों को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का लक्ष्य और मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *