मास्टर नवीन शर्मा स्मृति कला प्रतियोगिता में 58 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज रहा दूसरे स्थान पर
मसूरी। लायंस क्लब मसूरी हिल्स के तत्वावधान में आयोजित मास्टर नवीन शर्मा स्मृति कला प्रतियोगिता में ओकग्रोव स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पुरस्कार अपने नाम किए और ओवरऑल रनिंग ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का आयोजन महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सभागार में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व डीआईजी एवं हिमालयन साहसिक संस्थान के निदेशक एसपी चमोली ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि कला बच्चों की कल्पनाशीलता और रचनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ ही उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करती है। उन्होंने लायंस क्लब मसूरी हिल्स द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली चित्रकला प्रतियोगिता की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया।
तीन वर्गों में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल में सुरभि रावत, सृष्टि कर्णवाल और माधुरी शर्मा शामिल रहीं।
ग्रुप ए में ओकग्रोव स्कूल की पुष्पा रानी ने प्रथम, अतुल्य सार्थक ने द्वितीय और अराध्या आनंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ग्रुप बी में सोनाक्षी प्रिया ने प्रथम तथा रेथम गुप्ता ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
वहीं ग्रुप सी में ओकग्रोव स्कूल के हृतिक राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आठ विद्यालयों के 58 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
ओवरऑल प्रदर्शन में ओकग्रोव स्कूल के बाद सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज दूसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर, ओकग्रोव स्कूल, सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज, संस्कृत विद्यालय, रमा देवी नारायण दास भार्गव इंटर कॉलेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, लॉर्ड लक्ष्मी नारायण फाउंडेशन स्कूल तथा जूनियर और प्राथमिक विद्यालय लाइब्रेरी के कुल 58 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मदन मोहन शर्मा, प्रवीण गुप्ता, राजीव अग्रवाल, जीके गुप्ता, मधुलिका माथुर, माधुरी शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ कला के प्रति उनकी रुचि को भी प्रोत्साहित करते हैं।
