मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी में सरकार द्वारा नामित पांच सभासदों कुशाल राणा, विजय रमोला, अनिल गोयल, विजय बिंदवाल और अनीता धनाईं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। नगर पालिका सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि मसूरी विधायक एवं प्रदेश सरकार में काबीना मंत्री गणेश जोशी की मौजूदगी में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने सभी नामित सभासदों को शपथ दिलाई।
समारोह की शुरुआत में पालिका के अधिशासी अधिकारी रजनीश डोबरियाल ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया। इस दौरान काबीना मंत्री गणेश जोशी का शॉल एवं गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया गया। शपथ ग्रहण के बाद मंत्री गणेश जोशी ने पांचों नामित सभासदों को शॉल एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने भी नव मनोनीत सभासदों का स्वागत किया। थौलधार विकास समिति, मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, लायंस क्लब मसूरी हिल्स और सद्भावना संस्था सहित अन्य संस्थाओं ने सभासदों का माल्यार्पण एवं शॉल भेंट कर अभिनंदन किया।
शहर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं सभासद: गणेश जोशी
काबीना मंत्री गणेश जोशी ने सभी नामित सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास और भावना के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसे धरातल पर परिणाम के रूप में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मसूरी का सभासद या नामित सभासद होना अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सभासद शहर के विकास और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
18 सदस्यों की मजबूत टीम के साथ विकास को मिलेगी गति: मीरा सकलानी
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने भी सभी नामित सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पहले बोर्ड में 14 सदस्य थे, अब पांच नामित सभासदों के आने से बोर्ड की टीम और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सभी नामित सभासद अनुभवी हैं और सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में उनका योगदान रहा है।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सभासद केवल बोर्ड बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि मसूरी शहर की बेहतरी, विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रियता से कार्य करें।
समारोह में पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, धनप्रकाश अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, जगजीत कुकरेजा, अनुज तायल, सुरेश गोयल, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, मदन मोहन शर्मा, सतीश ढौडियाल, राकेश रावत, जसोदा शर्मा, रूपचंद सहित बड़ी संख्या में सभासद, नामित सभासदों के परिजन और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
