सीएम धामी का आह्वान—स्वतंत्रता दिवस पर हर घर फहराएं तिरंगा, राष्ट्रभक्ति की भावना को रखें सदैव प्रज्वलित
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर देहरादून में रविवार को हर घर तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों लोगों के साथ प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान, गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
बडोनी और बाबा साहेब को किया नमन
तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों के साथ शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में बसी हुई है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। आज हमारा दायित्व है कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखें।
भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर एक महाशक्ति के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति तथा स्वदेशी तकनीक के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का मनोबल भी लगातार मजबूत हुआ है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने दुनिया के सामने अपनी सामरिक क्षमता और शक्ति का परिचय दिया है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में निर्यातक देश के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।
देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य के बड़ी संख्या में परिवारों के बेटे देश की सीमाओं की रक्षा के लिए तैनात हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।
GSDP में 7.23 प्रतिशत वृद्धि का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि राज्य की प्रतिव्यक्ति आय में भी 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या भी 1,750 से अधिक हो चुकी है। मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
देवभूमि के मूल स्वरूप से नहीं होगा समझौता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान और देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने राज्य में लागू किए गए धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि राज्य में मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले अवैध मदरसों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि कब्जामुक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में बिना धांधली के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। इसके लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे, पर्यटन नीति सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।
तिरंगे के साथ दिखा देशभक्ति का जज्बा
हर घर तिरंगा यात्रा के दौरान गांधी पार्क से घंटाघर तक बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा ने देहरादून में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के साथ मनाने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
