एफआरआई देहरादून में आईएफएस 2024 बैच का भव्य दीक्षांत समारोह सम्पन्न, 111 अधिकारियों ने पूरा किया प्रशिक्षण; राजस्थान कैडर की प्रतीक्षा नानासाहेब काले बनीं बैच टॉपर
देहरादून। वन संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन की नई जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भारतीय वन सेवा (आईएफएस) 2024 बैच के 111 प्रशिक्षु अधिकारी अब पूरी तरह तैयार हैं। शनिवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए), देहरादून में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सफल अधिकारियों को प्रमाणपत्र और पदक प्रदान किए।
एफआरआई के दीक्षांत गृह में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि “एक अच्छा अधिकारी वही है, जो सबसे पहले एक अच्छा इंसान हो।” उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और मरुस्थलीकरण जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में इन अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में भारतीय वन सेवा के युवा अधिकारी अग्रिम पंक्ति में रहेंगे।
उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग केवल डेटा विश्लेषण तक सीमित न रखें, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ व्यावहारिक समाधान विकसित करें। उन्होंने कहा कि नैतिकता, कार्यकुशलता, समय का सदुपयोग और सीमित संसाधनों में बेहतर परिणाम देने की क्षमता ही एक सफल लोकसेवक की वास्तविक पहचान है।
75 अधिकारियों ने ऑनर्स डिप्लोमा किया हासिल
आईजीएनएफए के निदेशक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद खजूरिया ने बताया कि 20 माह के संशोधित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारतीय वन सेवा के 109 और भूटान के 2 अधिकारियों सहित कुल 111 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूरा किया। इनमें से 75 अधिकारियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर ऑनर्स डिप्लोमा हासिल किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1938 से संचालित यह प्रतिष्ठित संस्थान अब तक स्वतंत्र भारत के सभी आईएफएस अधिकारियों सहित 14 मित्र देशों के 369 वन अधिकारियों को प्रशिक्षण दे चुका है।
राजस्थान कैडर की प्रतीक्षा नानासाहेब काले बनीं टॉपर
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को पदक और पुरस्कार प्रदान किए गए। राजस्थान कैडर की प्रतीक्षा नानासाहेब काले ने पूरे बैच में सर्वोच्च प्रदर्शन करते हुए बैच टॉपर का सम्मान प्राप्त किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
दीक्षांत समारोह में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार, वन महानिदेशक एवं विशेष सचिव सुशील कुमार अवस्थी, चेयरमैन-सीईसी सी.पी. गोयल, आईसीएफआरई की महानिदेशक कंचन देवी, आईजीएनएफए के निदेशक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद खजूरिया सहित अनेक वरिष्ठ वन अधिकारी, प्रशिक्षु, शिक्षाविद् और पासआउट अधिकारियों के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
