कोटद्वार, 31 जुलाई। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने शुक्रवार को अपने नींबूचौड़ स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पंजीकृत श्रमिकों को अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन के सहयोग से श्रमिक कल्याण किट वितरित की। इस दौरान करीब 180 श्रमिकों को कल्याण किट प्रदान की गई, जबकि 70 श्रमिकों ने 44 प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ हजारों पंजीकृत श्रमिकों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की मजबूत नींव हैं और उनका स्वास्थ्य व कल्याण सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच जैसी पहल से श्रमिकों को समय रहते बीमारियों की पहचान और उपचार का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी श्रमिकों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से जनहित के कार्य अधिक प्रभावी बनते हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद श्रमिकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण तथा अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कल्याण किट वितरण और मुफ्त स्वास्थ्य जांच जैसे कार्यक्रम उनके लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।
