03 अगस्त से बूथवार विशेष शिविर, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
देहरादून। जनपद देहरादून में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी आ गई है। गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अभियान की समीक्षा करते हुए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली के अनुसार जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान के दौरान सामने आई विसंगतियों, अपूर्ण विवरण और डेटा मिसमैच के कारण 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर नोटिस तामील कर रहे हैं तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित मोबाइल ऐप पर इसकी फोटो भी अपलोड की जा रही है। 30 जुलाई तक 74 हजार नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष नोटिस अगले दो से तीन दिनों में संबंधित मतदाताओं तक पहुंचा दिए जाएंगे।
03 अगस्त से 29 अगस्त तक लगेंगे विशेष बूथवार शिविर
नोटिस प्राप्त मतदाता अपने विवरण में सुधार कराने, आपत्तियां दर्ज कराने और नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए 03 अगस्त से 29 अगस्त तक आयोजित विशेष बूथवार शिविरों में भाग ले सकेंगे। इस दौरान पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 11 सितंबर तक सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण कर मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
जिले में 2045 मतदान केंद्र, 10 ईआरओ और 222 एईआरओ तैनात
देहरादून जिले की 10 विधानसभा सीटों के लिए कुल 2045 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए 10 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और 222 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तैनात किए गए हैं।
राजनीतिक दलों से बीएलए-2 नियुक्त करने की अपील
जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) नियुक्त करने का आग्रह किया, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली, कांग्रेस के डॉ. जसविंदर सिंह एवं सुनील जायसवाल, भाजपा के महेश गुप्ता, बसपा के सत्येंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी के कमल राणा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
