देहरादून | 16 जुलाई 2026 उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर प्रदेशभर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “हर गाँव का यही पैगाम – एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। देहरादून के मालदेवता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वन एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने रुद्राक्ष का पौधा रोपकर अभियान का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों से पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह और रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
2 करोड़ पौधारोपण का संकल्प, आज 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

अपने संबोधन में मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर वृक्ष बनाना है। उन्होंने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर इस वर्ष 2 करोड़ पौधारोपण का संकल्प लिया गया है, जबकि आज पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि हरेला प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण का पर्व है। वृक्ष, नदियाँ और वन्यजीव हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में प्रकृति के साथ संतुलित विकास को आवश्यक बताया।
वन्यजीव संरक्षण और जनभागीदारी पर जोर
मंत्री ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और वनों की सुरक्षा के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। वन विभाग लगातार लोगों को जोड़कर संरक्षण के प्रयास कर रहा है। उन्होंने वनों की रक्षा करते हुए शहीद हुए वनकर्मियों तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष में जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
प्रदेशभर में 40 वन प्रभागों के 3791 स्थलों पर पौधारोपण
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की संस्कृति और प्रकृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह और विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने भी अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में संरक्षित करने का आह्वान किया।
वन विभाग के अनुसार हरेला अभियान के तहत प्रदेश के 40 वन प्रभागों के 3791 स्थलों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जा रहा है। इससे राज्य के हरित आवरण को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन विभाग के कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, मुख्य वन संरक्षक डॉ. धीरज पांडेय, प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) नीना ग्रेवाल, प्रमुख वन संरक्षक (वन पंचायत) एस.पी. सुबुद्धि, अपर प्रमुख वन संरक्षक विवेक पांडेय, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
