देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकतम खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने की कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति 2025 के अनुरूप उत्तराखण्ड की नई खेल नीति तैयार की जाए, ताकि राज्य में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
अगले माह से शुरू होगा खेल विश्वविद्यालय का सत्र
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उत्तराखण्ड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया, कोच, कर्मचारियों एवं अधिकारियों की नियुक्ति में तेजी लाने को भी कहा।
मिनी स्टेडियम और खेल अवसंरचना पर जोर
मुख्यमंत्री ने ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के रखरखाव के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने देहरादून, गोलापार, रुद्रपुर, टिहरी, हरिद्वार और पिथौरागढ़ के खेल परिसरों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी अभी से
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों के लिए अभी से खिलाड़ियों का चयन और विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएं। उन्होंने ‘एक जिला-एक खेल’ योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा जिला खेल छात्रावासों को संबंधित खेलों की नर्सरी के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है और प्रदेश के प्रत्येक खिलाड़ी तक गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अब तक 29 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियम बन चुके हैं, जबकि 10 पर निर्माण कार्य जारी है।
इसके अलावा लोहाघाट में देश का पहला महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज तेजी से तैयार हो रहा है। वहीं गोलापार खेल विश्वविद्यालय में पुस्तकालय, स्वास्थ्य केंद्र, अनुसंधान केंद्र, शूटिंग रेंज, बैडमिंटन हॉल, हॉकी एवं फुटबॉल मैदान, 8-लेन एथलेटिक्स ट्रैक सहित 39 आधुनिक खेल अवसंरचना परियोजनाओं का विकास किया जा रहा है।
बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
