चमोली। उत्तराखंड के चमोली जनपद में शनिवार को बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार हो गया। वाहन के पलटने से 8 यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर (यूपी-15 ईटी-1020) बदरीनाथ धाम से ऋषिकेश की ओर जा रहा था। इसी दौरान हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में चालक सहित कुल 16 श्रद्धालु सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी यात्रियों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए निकटवर्ती जेपी कंपनी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ रेफर कर दिया।
घायलों में दिशा (15 वर्ष), वर्षा, इलालिता, ज्योति, पुष्पा गिरी, चालक जमील, राजकुमार तथा बसु शामिल हैं। सभी घायल मेरठ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि वाहन बदरीनाथ से ऋषिकेश की ओर जा रहा था। बिनाकुली के पास अचानक नियंत्रण खोने के कारण वाहन पलट गया, जिससे आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है और किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही और दुर्गम पर्वतीय मार्गों के बीच यह हादसा एक बार फिर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित करता है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
