श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज में हुआ वृक्षारोपण, छात्रों ने लिया पर्यावरण बचाने का संकल्प।
देहरादून/ संवाददाता/ 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेवा कोष सोसाइटी द्वारा श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज, नेहरू ग्राम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर सोसाइटी के पदाधिकारियों, विद्यालय परिवार, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

सोसाइटी की सचिव शिवांगी नेगी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय प्रधानाचार्य प्रतिभा पाठक ने सेवा कोष सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं तथा उन्हें प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन “एक पेड़ मां के नाम” और “हरित पृथ्वी, सुरक्षित भविष्य” के संदेश के साथ किया गया। उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिवांगी नेगी सचिव कविता पोखरियाल कोषाध्यक्ष
सुषमा भंडारी और पुष्पा चौहान सदस्य, प्रतिभा पाठक प्रधानाचार्य, मधु भट्ट उपाध्यक्ष (संस्कृति, साहित्य, कला परिषद) ने प्रतिभाग किया।
