ऑनलाइन शिकायत समाधान तंत्र बनेगा, भूमि विवादों और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
देहरादून। जनपद हरादून में नए जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालते ही डॉ. आशीष चौहान एक्शन मोड में नजर आए। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचकर आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनता को राहत देने के लिए जिला स्तर पर ऑनलाइन शिकायत ट्रैकिंग एवं समाधान तंत्र विकसित किया जाएगा, जिससे शिकायतकर्ता अपनी समस्या की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे और उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
115 शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 115 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवादों से जुड़े थे। इसके अलावा ऋण माफी, बाढ़ सुरक्षा दीवार, पैदल पुलिया, रास्तों की समस्या, आर्थिक सहायता और अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं।
डीएम ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुलडोजर चलाकर सीमांकन मिटाने की शिकायत पर सख्त रुख
तुनवाला निवासी मंजू बिष्ट ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनकी निजी भूमि पर कब्जे की कोशिश करते हुए तारबाड़ तोड़ी और बुलडोजर चलाकर सीमांकन को नुकसान पहुंचाया। मामले को गंभीर मानते हुए डीएम ने एसडीएम सदर को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
रानीपोखरी में बाढ़ सुरक्षा दीवार का होगा सर्वे
रानीपोखरी ग्रांट के आठ परिवारों ने मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे को देखते हुए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। इस पर डीएम ने एसडीएम डोईवाला और सिंचाई विभाग को संयुक्त सर्वेक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
2008 से लंबित भूमि विवाद पर भी लिया संज्ञान
विकासनगर तहसील में वर्ष 2008 से लंबित भूमि विवाद के मामले में भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
ऋण माफी और आर्थिक सहायता के मामलों पर भी सुनवाई
सहसपुर निवासी मोहन कश्यप ने आर्थिक तंगी के चलते मकान की नीलामी रुकवाने और ऋण माफी की गुहार लगाई। डीएम ने मामले की जांच के लिए लीड बैंक अधिकारी को निर्देशित किया।
वहीं डालनवाला निवासी सपना ने नर्सिंग शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता की मांग की, जबकि टीएचडीसी कॉलोनी निवासी अर्ष ने बीएससी नर्सिंग प्रवेश हेतु ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी कराने की अपील की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
जर्जर मकान और अतिक्रमण के मामलों पर भी कार्रवाई
जर्जर मकान में रह रहे बुजुर्ग प्रेम सिंह की समस्या पर नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं रामपुर कलां में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच कर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, विभिन्न एसडीएम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
