खटीमा/देहरादून। विकासखंड सभागार खटीमा में आयोजित “जन जन की सरकार, मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम” में Pushkar Singh Dhami ने पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक संरक्षण को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “भारत की आत्मा गांवों में बसती है” और विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा जब गांव आत्मनिर्भर और समृद्ध बनेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में जुटी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “एक जनपद, दो उत्पाद” योजना और “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के जरिए उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रही है। साथ ही स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होम स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को गांवों में ही रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और रूरल बिजनेस इनक्यूबेटर सेंटर योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
खटीमा क्षेत्र के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल, आधुनिक बस स्टेशन, केंद्रीय विद्यालय, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड अस्पताल जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि खटीमा-टनकपुर के बीच जल्द ही भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण भी शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उधमसिंह नगर जनपद के किच्छा में एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण तेजी से चल रहा है, जबकि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी परियोजना पर भी कार्य प्रगति पर है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की सख्त नीतियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने अवैध अतिक्रमण और “लैंड जिहाद” के खिलाफ अभियान चलाकर हजारों एकड़ सरकारी भूमि को मुक्त कराया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) और धर्मांतरण विरोधी कानून को सरकार के ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और जनसांख्यिकी की रक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
