मेधावी अल्पसंख्यक छात्राओं को DM की सौगात, 25 हजार रुपये तक मिलेगी प्रोत्साहन राशि – Republic India News

मेधावी अल्पसंख्यक छात्राओं को DM की सौगात, 25 हजार रुपये तक मिलेगी प्रोत्साहन राशि

देहरादून। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत मेधावी छात्राओं को आर्थिक प्रोत्साहन देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी ऑनलाइन आवेदनों का गहनता से सत्यापन करते हुए आगामी 10 दिनों के भीतर जांच प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र छात्राओं को योजना का लाभ समय पर मिल सके।

बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भगवती प्रसाद त्रिवेदी ने बताया कि योजना के लिए कुल 416 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से प्रारंभिक जांच में 28 आवेदन अपात्र पाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ सत्यापन किया जाए। सभी पात्र आवेदनों की जांच पूरी कर उन्हें अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र छात्राओं को प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

कक्षा के अनुसार मिलेगी 10 से 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा निर्धारित अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाली पात्र छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

योजना के तहत कक्षा 10वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 10 हजार रुपये, 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 15 हजार रुपये तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

वहीं, कक्षा 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 15 हजार रुपये, 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 20 हजार रुपये तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना उद्देश्य

इस योजना का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी शैक्षिक उपलब्धियों को सम्मान देना तथा आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भगवती प्रसाद त्रिवेदी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *