मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश – Republic India News

मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री बोले– जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, अधिकारियों की जवाबदेही होगी सुनिश्चित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें। लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ ही प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत का किया विमोचन

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं उसके पोस्टर का भी विमोचन किया। इस गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *