भारत-नेपाल के ऐतिहासिक रिश्तों को आर्थिक साझेदारी में बदलने पर दिया जोर
नई दिल्ली। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास पहुंचकर भारत में नवनियुक्त नेपाली राजदूत डॉ. निश्चलनाथ पांडे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राजदूत को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान सतपाल महाराज ने विश्वास जताया कि डॉ. पांडे के कार्यकाल में भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं भावनात्मक संबंध और अधिक मजबूत होंगे। उन्होंने दोनों देशों के बीच हालिया द्विपक्षीय समझौतों तथा नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की सफल भारत यात्रा के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने भारत और नेपाल के बीच गहरे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों का उल्लेख करते हुए नेपाली राजदूत के उस दृष्टिकोण की सराहना की, जिसमें दोनों देशों की भावनात्मक निकटता को ठोस और परिणामोन्मुखी आर्थिक साझेदारी में बदलने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच आपसी सहयोग, विश्वास और साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की व्यापक संभावनाएं हैं। इस प्रकार की मुलाकातें दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
