श्रीनगर के विकास को मिलेगी नई उड़ान, साइंस सिटी से हेली सेवा तक CM धामी की कई घोषणाए – Republic India News

श्रीनगर के विकास को मिलेगी नई उड़ान, साइंस सिटी से हेली सेवा तक CM धामी की कई घोषणाए

साइंस सिटी के निर्माण से लेकर पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट बनाने की घोषणा, विकास कार्यों को भी मिलेगी गति


श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में आयोजित ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें श्रीनगर में साइंस सिटी का निर्माण, पंचप्रयाग के पांचों संगम स्थलों और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों का निर्माण तथा श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करना प्रमुख है।

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का किया निरीक्षण


मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसकर स्थानीय संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़ाव प्रदर्शित किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर बसा श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी पौराणिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।

श्रीनगर में साइंस सिटी, आधुनिक घाट और नया नगर निगम भवन


मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। इसके साथ ही श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही।

उन्होंने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की।

श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

200 करोड़ की सीवर परियोजना, 650 करोड़ से बन रहा एनआईटी


मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वहीं, कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

स्वास्थ्य और रेल कनेक्टिविटी पर भी जोर


मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण और पार्कों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।

आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में होगी वृद्धि


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है। नकल विरोधी कानून लागू करने और नकल माफिया के विरुद्ध कार्रवाई के परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन और मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।

विशेष डाक आवरण और पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *