देहरादून। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और प्रदेश की रचनात्मक प्रतिभाओं को देशभर में व्यापक मंच उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से संचार एवं प्रसारण के विभिन्न माध्यमों के जरिए राज्य की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित-प्रसारित करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और पारंपरिक रीति-रिवाज प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और इसे राष्ट्रीय पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने प्रसून जोशी के साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की संवेदनाओं, विचारों एवं सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर उत्तराखंड की लोककला, लोकगीतों, परंपराओं और सांस्कृतिक विशिष्टताओं को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रसारण माध्यमों की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
