धनौल्टी क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति, थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय; पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
देहरादून/थत्यूड़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जिले के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 52.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22.05 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान धनौल्टी एवं जौनपुर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने जौनपुर महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री ने महोत्सव समिति के प्रयासों की भी सराहना की।
पर्यटन विकास से खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि टिहरी झील को साहसिक पर्यटन और वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके साथ ही जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273 लाख रुपये तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।
उन्होंने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगों पर भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
कृषि और बागवानी को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेब मिशन के अंतर्गत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयास प्रेरणादायी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। उत्तराखंड के युवा भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को मिला जौनपुर रत्न सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों के अनुवाद तथा लोकभाषा और साहित्य के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं का संरक्षण भी बेहद जरूरी है। राज्य सरकार केदारखंड एवं मानसखंड के प्रमुख मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं और स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र तथा कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महोत्सव समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
