हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में हादसा, निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में आयोजित शिव पुराण कथा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय पुजारी की करंट लगने से मौत हो गई। कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से वह मौके पर ही अचेत हो गए। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार डायल-112 के माध्यम से करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि श्रीपुरम कॉलोनी, तल्ली हल्द्वानी निवासी भुवन चंद्र पंत (35) पुरोहित का कार्य करते थे। वह गौजाजाली उत्तर, आंवला चौकी रोड स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी जय दत्त भट्ट के घर आयोजित शिव पुराण कथा में शामिल होने गए थे। इसी दौरान वहां रखे कूलर में करंट उतर आया और उसे छूते ही वह उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि भुवन चंद्र पंत अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। पिता के निधन के बाद वे अपनी वृद्ध मां और बहन की देखभाल कर रहे थे। उनकी शादी भी नहीं हुई थी। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और शव को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा करंट लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
