देहरादून। उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम ने शनिवार को ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में सेवा, सुशासन और जनसरोकार का सशक्त संदेश दिया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित इस विशाल जनकल्याणकारी शिविर में 20 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया, जबकि 3,500 से अधिक नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला।
कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री के सफल पांच वर्षीय कार्यकाल पर शुभकामनाएं दीं। देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने एकीकृत प्रयास के तहत एक ही स्थान पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराईं, जिससे लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया।
स्वास्थ्य शिविर में 1,000 से अधिक मरीजों का उपचार
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत लगाए गए विशाल स्वास्थ्य शिविर में 1009 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच और उपचार किया गया। इनमें 212 हड्डी रोगी, 70 स्त्री रोगी तथा 81 नेत्र, नाक एवं कान रोगी शामिल रहे। इसके अलावा 13 बच्चों का टीकाकरण, 15 आयुष्मान कार्ड, 20 आभा कार्ड, 95 एक्स-रे और 70 रक्त जांचें की गईं।
आयुष विभाग ने 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया, जबकि 23 दिव्यांग प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया।
पेंशन, दिव्यांग सहायता और रोजगार पर विशेष जोर
समाज कल्याण विभाग ने 75 पात्र लोगों की विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन स्वीकृत की तथा 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए। वहीं 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1,200 से अधिक लाभार्थियों को अपनी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसके साथ ही कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं के जापान में लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के रोजगार के लिए चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।
इसके अलावा मत्स्य, उद्यान, उद्योग और डेयरी विभाग के उत्कृष्ट लाभार्थियों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
