मसूरी। उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल, माध्यमिक शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के चुनाव में सभी प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। संगठन की नई प्रांतीय कार्यकारिणी में बीडी सेमवाल को प्रांतीय अध्यक्ष, पुष्कर राज बहुगुणा को प्रांतीय महामंत्री तथा दिनेश गैरोला को प्रांतीय कोषाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया।
निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष बीडी सेमवाल ने संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा, संगठन की गरिमा बनाए रखने और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर शीघ्र ही राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय अवकाश नकदीकरण (Leave Encashment) की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को प्रमुखता से उठाने और उसके समाधान के लिए प्रभावी पहल करने का आश्वासन दिया।
प्रांतीय कार्यकारिणी का विस्तार
नई कार्यकारिणी में विजयानंद डोगरियाल को गढ़वाल मंडल अध्यक्ष, सूर्य प्रकाश ध्यानी को कुमाऊं मंडल अध्यक्ष, आशाराम डोभाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अमृत कौर एवं दिनेश प्रसाद सेमवाल को उपाध्यक्ष, लोकेश को मंत्री, नागेंद्र पोखरियाल, शेखर पैन्यूली और अंकित नेगी को संयुक्त मंत्री बनाया गया।
इसके अलावा जगमोहन सिंह चावला को प्रमुख सलाहकार एवं आय-व्यय निरीक्षक, राकेश नेगी को सलाहकार, नारायण दत्त पांडेय को विधि सलाहकार, अनिल पुरोहित, देवेंद्र रावत, जितेंद्र चौधरी, हुकम सिंह पंवार और श्रीचंद्र सक्सेना को संगठन मंत्री, जबकि कुलदीप नेगी, एकलव्य अग्रवाल और मदन सिंह को प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। आशुतोष डबराल, सुरेश चंद्र सिंह, अनुराग जगवाण और रोहित बिष्ट को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
देहरादून जिला कार्यकारिणी का भी हुआ गठन
इस अवसर पर देहरादून जिला कार्यकारिणी का भी निर्वाचन संपन्न हुआ। इसमें प्रदीप उनियाल को जिलाध्यक्ष, आरती नौटियाल को जिला मंत्री तथा जगमोहन चावला को जिला कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन पर संगठन के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा और संगठन को नई दिशा मिलेगी।
