देहरादून। लेखक गाँव–स्पर्श हिमालय प्रकाशन की प्रकाशन यात्रा का शुभारंभ हो गया है। प्रकाशन की पहली पुस्तक ‘पर्यटन में सामुदायिक सहभागिता: एक मार्गदर्शिका’ प्रकाशित हो चुकी है। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पर्वतीय पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र द्वारा प्रकाशित यह शोधपरक पुस्तक हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटन विकास और स्थानीय समुदाय की भूमिका को केंद्र में रखती है।
पुस्तक की प्रथम प्रति लेखक गाँव के प्रकाशन अधिकारी हरेन्द्र नेगी ‘तेजांश’ ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री तथा लेखक गाँव के संस्थापक डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ को भेंट की। पुस्तक प्राप्त करते हुए डॉ. निशंक ने लेखक, मार्गदर्शकों एवं लेखक गाँव परिवार को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि लेखक गाँव की परिकल्पना साहित्य और सृजन तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान, शोध, संस्कृति, दर्शन, प्रकृति, हिमालय और पर्यटन जैसे विषयों से जुड़ी महत्वपूर्ण सामग्री को समाज और पाठकों तक पहुँचाना भी इसका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि लेखक गाँव के माध्यम से साहित्य, संस्कृति, दर्शन, पर्यटन और शोध से संबंधित शोधपरक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों के प्रकाशन को आगे बढ़ाया जाएगा।
स्थानीय समुदाय और सतत पर्यटन पर केंद्रित है पुस्तक
पुस्तक के लेखक डॉ. कुलदीप वर्मा हैं। इसके मार्गदर्शकों में प्रो. आर.के. ढोड़ी, प्रोफेसर एवं केंद्राध्यक्ष, पर्वतीय पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र, प्रो. रश्मि ढोड़ी, प्रोफेसर एवं डीन तथा डॉ. सर्वेश उनियाल, परियोजना अधिकारी शामिल हैं।
पुस्तक में पर्यटन विकास में स्थानीय समुदाय की भागीदारी, ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय संसाधनों के संरक्षण तथा हिमालयी क्षेत्रों में जिम्मेदार एवं सतत पर्यटन विकास को व्यावहारिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। इसे खंड एवं जिला अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, गैर-सरकारी संगठनों, पर्यटन विभाग से जुड़े अधिकारियों तथा क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका के रूप में तैयार किया गया है।
डॉ. कुलदीप वर्मा का शोध कार्य गढ़वाल हिमालय में सामुदायिक सहभागिता पर केंद्रित रहा है। वहीं प्रो. आर.के. ढोड़ी और प्रो. रश्मि ढोड़ी पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, सतत पर्यटन विकास तथा महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। डॉ. सर्वेश उनियाल हिमालयी एवं साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा ‘सैर सलीका’ पहल के संस्थापक हैं।
विश्व पर्यटन दिवस पर होगा विधिवत लोकार्पण
पुस्तक का विधिवत लोकार्पण विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। लेखक गाँव–स्पर्श हिमालय प्रकाशन की यह पहली पुस्तक है। इसके साथ ही साहित्य, संस्कृति, प्रकृति, दर्शन, हिमालय, पर्यटन और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े शोधपरक एवं गुणवत्तापूर्ण साहित्य के प्रकाशन की दिशा में नई पहल शुरू हुई है।
इस अवसर पर लेखक गाँव की निदेशक विदुषी निशंक, शिक्षाविद् डॉ. राजेश नैथानी, स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के सचिव बालकृष्ण चमोली, डॉ. विद्या जोशी सहित लेखक गाँव परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
