देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के राजेन्द्रनगर गली नंबर-04 स्थित पार्क के उद्यानीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण प्रदेश के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया। पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य 53.26 लाख रुपये की लागत से पूरा किया गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राजेन्द्रनगर क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की मांग थी, जिसे पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का विकास भी आवश्यक है। ऐसे स्थान स्थानीय लोगों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि शहरों का विकास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए। नागरिकों को बेहतर जीवनशैली, स्वस्थ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पार्क बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और क्षेत्र के अन्य नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में महत्वपूर्ण हैं।
विकास कार्यों को मिल रही गति
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता और सामुदायिक भवन निर्माण से संबंधित कार्यवाही भी जल्द पूरी की जाएगी।
87 वर्षीय मोहन लाल गांधी का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने 87 वर्षीय मोहन लाल गांधी के अध्ययन के प्रति उत्साह और उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सीखने और ज्ञान अर्जित करने की कोई उम्र नहीं होती। 87 वर्ष की आयु में भी मोहन लाल गांधी का निरंतर अध्ययन करना और नई चीजें सीखने की ललक सभी के लिए प्रेरणादायी है।
मंत्री ने कहा कि मोहन लाल गांधी ने निरंतर अध्ययन करते हुए विभिन्न डिग्री एवं डिप्लोमा प्राप्त किए हैं। उनकी यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज के लिए प्रेरक संदेश है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सीखने की इच्छा हो तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
पार्षद ने जताया आभार
इस अवसर पर पार्षद नंदिनी शर्मा ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वार्डवासियों को भी पार्क के जीर्णोद्धार की बधाई दी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, कंचन ठाकुर, राकेश जोशी, डीपी सैनी, दीपक सकलानी, संदीप कुमार, अंकित जोशी, यशवीर चौहान, गुरपाल सिंह, संजय गुप्ता, डीडी अरोड़ा सहित एमडीडीए के ईई सुनील कुमार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
