राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में होगी तैनाती, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर प्रयोगात्मक प्रशिक्षण
देहरादून। प्राविधिक शिक्षा विभाग को 9 नए कर्मशाला अधीक्षक मिल गए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित इन अभ्यर्थियों को तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नव चयनित कर्मशाला अधीक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने की अपेक्षा जताई।
नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों में शिवानी पोखरियाल, नीलू, शिखा वर्मा, नवजोत, रवि जोशी, अरुण तोमर, नीरज कुमार डंडरियाल, अभिषेक सिंह नेगी तथा नीलमणि शामिल हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेशभर के विभिन्न राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में नियुक्ति दी गई है।
कार्यशालाओं के संचालन में आएगी तेजी
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में कर्मशाला अधीक्षकों की नियुक्ति से विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों की कार्यशालाओं का संचालन और अधिक व्यवस्थित एवं सुचारू हो सकेगा। इसका सीधा लाभ छात्र-छात्राओं को मिलेगा और उन्हें बेहतर प्रयोगात्मक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में इंजीनियरिंग की गहरी समझ, तकनीकी कौशल और वास्तविक समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों से कहा कि वे विभागीय जिम्मेदारियों को पूरी संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएं तथा तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में उप सचिव तकनीकी शिक्षा ब्योमकेश दुबे, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, सचिव यूबीटीआर मुकेश पाण्डे, संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी, उप सचिव आईआरडीटी अभिषेक सिंह, सहायक सचिव आईआरडीटी सचिन कुमार, सहायक निदेशक प्राविधिक शिक्षा सचिन भारती सहित विभागीय अधिकारी, नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षक एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
