एकेश्वर में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया प्रतिभाग, बोले—श्रमिक प्रदेश की प्रगति की आधारशिला
एकेश्वर। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड एकेश्वर (पणखेत) स्थित ब्लॉक सभागार में श्रम विभाग की ओर से आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता को संबोधित करने के साथ ही विभिन्न जन समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस तरह के शिविरों के आयोजन से आम जनता और श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के विकास में श्रमिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्य, सड़क एवं भवन निर्माण, औद्योगिक गतिविधियों सहित तमाम श्रम आधारित कार्यों में श्रमिकों का योगदान विकास की मजबूत नींव है।
महाराज ने कहा कि श्रमिक अपने परिश्रम और पसीने से प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले। इसके लिए श्रमिकों का पंजीकरण और समय पर नवीनीकरण बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी श्रमिकों से अपील की कि वे अपना पंजीकरण समय पर करवाएं और पूर्व में पंजीकृत श्रमिक अपने पंजीकरण का नवीनीकरण अवश्य कराएं।
कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिविरों का सबसे बड़ा लाभ यह है कि श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। विभाग द्वारा शिविरों के माध्यम से सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता व्यवस्था को केवल कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय जनता के द्वार तक पहुंचाना है।
महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक श्रमिक को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। किसी भी पात्र श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो और उसे योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। श्रमिकों का सम्मान, सुरक्षा और कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
महाराज ने श्रमिकों से सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने, अपने दस्तावेजों और पंजीकरण की स्थिति की जानकारी रखने तथा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का अथक परिश्रम ही प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है और सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, जिला महामंत्री महिपाल नेगी, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश वर्मा, प्रभारी बृजमोहन रावत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, एसडीएम रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा सहित स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल, चिकित्सा, ऊर्जा एवं बाल विकास विभाग से जुड़े अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
