देहरादून। कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को देहरादून के गांधी पार्क पहुंचकर 26 जुलाई (रविवार) को आयोजित होने वाले शौर्य दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जोशी ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता तथा संभावित बारिश को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा और वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।
मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक समारोह नहीं, बल्कि देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर है। इसलिए सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण, अनुशासित और भव्य तरीके से आयोजित किए जाएं।
गांधी पार्क में आयोजित होने वाले मुख्य राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर सैनिकों के परिजनों, वीर नारियों और वीर माताओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे और मंत्री को तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया।
