उत्तराखंड

धराली-हर्षिल अतिवृष्टि में घायल आर्मी जवानों का जिला अस्पताल उत्तरकाशी में सफल उपचार

छह दिनों के समर्पित इलाज और देखभाल के बाद, 11 अगस्त 2025 को अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज सिंह द्वारा सभी स्वस्थ हो चुके घायल जवानों को छुट्टी दे दी गई।

उत्तरकाशी, संवाददाता/ 12 अगस्त 2025: धराली-हर्षिल क्षेत्र में आई अतिवृष्टि के दौरान रेस्क्यू कार्य में जुटे आर्मी के जवान भीषण आपदा की चपेट में आकर घायल हो गए। घायल जवानों को तत्काल जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया गया, जहां 6 अगस्त 2025 को उपचार के लिए भर्ती किया गया। जिला अस्पताल की समर्पित स्वास्थ्य टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया, वहीं अन्य जनपदों से आए अतिथि विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भी अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया।

उपचार के दौरान मरीजों के मनोबल को बनाए रखने के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से विशेष देखभाल की गई। सोमवार को निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, डॉ. सी. त्रिपाठी के निर्देशन में अस्पताल प्रबंधन ने सभी घायल जवानों को नए कपड़े वितरित किए। इस पहल ने मरीजों के चेहरे पर मुस्कान ला दी। इसी क्रम में सौरभ फाउंडेशन ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए लगातार घायल जवानों को घर के किचन में बना स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया, जिससे उन्हें घर जैसा स्नेह और अपनापन महसूस हुआ।

छह दिनों के समर्पित इलाज और देखभाल के बाद, 11 अगस्त 2025 को अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज सिंह द्वारा सभी स्वस्थ हो चुके घायल जवानों को छुट्टी दे दी गई। प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल उत्तरकाशी, डॉ. प्रेम पोखरियाल ने जानकारी दी कि कुल 18 घायल मरीज अस्पताल में भर्ती हुए थे। इनमें से 5 मरीजों को उनकी गंभीर स्थिति के कारण उच्च संस्थान में रेफर किया गया, जबकि 12 मरीजों को सफलतापूर्वक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। वर्तमान में केवल एक घायल मरीज अस्पताल में उपचाराधीन है, जिसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

इस पूरी अवधि में जिला अस्पताल उत्तरकाशी की चिकित्सा टीम ने उत्कृष्ट सेवा, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की मेहनत, नर्सिंग स्टाफ की निरंतर देखभाल और सहयोगी संस्थाओं के योगदान से न केवल मरीजों का शारीरिक उपचार हुआ, बल्कि उनका मानसिक मनोबल भी ऊंचा रहा। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संकट की घड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं, प्रशासन और सामाजिक संगठनों का संयुक्त प्रयास जीवन बचाने में अमूल्य साबित होता है।

इस मौके पर डॉ सी त्रिपाठी निदेशक गढ़वाल मण्डल चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण देहरादून घायल मरीजों के उपचार प्रबंधन के लिए जनपद में डटे हैँ, उपचार करने वाली टीम में प्रमुख अधीक्षक जिला अस्पताल डॉ प्रेम पोखरियाल, डॉ के पी सिंह (सर्जन )नोडल डॉ दानिश जमाल,जन संपर्क अधिकार श्री गिरीश उनियाल, डॉ पंकज सिँह (अस्थि रोग विशेषज्ञ),दें मोहित लवानिया (ई एन टी सर्जन ), डॉ आस्था रावत (नेत्र रोग विशेषज्ञ ), डॉ विकास (ह्रदय रोग विशेषज्ञ ), डॉ बीना रमोला (छाती रोग विशेषज्ञ, डॉ प्रखर शर्मा एवं डॉ मधुस्मिता(फिजिशियन ), डॉ आभा इवनिंग डॉ आस्था (निशचेतक ), श्रीमती शारदा सिंह (प्रभारी सहायक नर्सिंग अधिक्षिका) श्रीमती आशा भारद्वाज (प्रभारी आपदा वार्ड ), श्रीमती डोरकस, श्रीमती मीना, श्रीमती रीता, श्री अंकित चौहान, श्री प्रेम बहादुर, श्री अखिलेश डंगवाल, श्री रतन मणीबनूणी, श्री फईम खान आदि एवं अन्य सभी जिला अस्पताल के कार्मिक मौजूद रहे!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button