छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के योगदान को किया याद, पत्रकारों के हितों और निष्पक्ष पत्रकारिता को मजबूत बनाने पर दिया जोर
देहरादून। ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स फेडरेशन के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देहरादून के मनभावन पैलेस में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ से आए बाल कलाकार तनिष्क वर्मा ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
इस भव्य आयोजन का आयोजन राजकुमार छावड़ा के राजकिरण मीडिया पब्लिकेशन के बैनर तले किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान फेडरेशन के संस्थापक सरदार हर भजन के छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के उत्थान और उनके हितों के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया।
छोटे समाचार पत्रों की चुनौतियों पर हुआ मंथन
कार्यक्रम में छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के सामने आने वाली चुनौतियों, पत्रकारों की भूमिका, मीडिया की जिम्मेदारियों तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से आम जनता की समस्याओं और आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है।
वक्ताओं ने छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों को पत्रकारिता की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके सामने आने वाली समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं को सामने लाने और समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज उठाने में इन समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
पत्रकारों के हितों और आपसी सहयोग पर जोर
स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान संगठन की गतिविधियों, पत्रकारों के हितों और मीडिया जगत में आपसी समन्वय को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
कई प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत
इस अवसर पर भारत के प्रेस रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार बावेजा, बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, टपकेश्वर मंदिर के नरेंद्रानंद श्रीश्री 108 कृष्णागिरी महाराज, फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरविंदर सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री अशोक नवरत्न, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार छावड़ा, प्रदेश महामंत्री अभिनव कुमार, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा तथा महामंत्री राजू ठाकुर सहित पत्रकारिता और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फेडरेशन के 50 वर्ष पूरे होने का यह आयोजन छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के योगदान को सम्मान देने, पत्रकारों के हितों पर चर्चा करने और जिम्मेदार पत्रकारिता के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
