एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने और कचरे के उचित पृथक्करण की दी जानकारी, यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए मांगे सुझाव
देहरादून। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन-2026 के अंतर्गत देहरादून रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुरादाबाद मंडल की इस पहल के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के साथ ही रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव और प्रतिक्रियाएं भी प्राप्त की गईं।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी दी गई। उन्हें प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित कूड़ेदानों में डालने की अपील की गई।
चार प्रकार के कूड़ेदानों के उपयोग की दी जानकारी
रेल जन संवाद के दौरान यात्रियों को चार प्रकार के कूड़ेदानों के उपयोग और कचरे के उचित पृथक्करण के महत्व के बारे में बताया गया। उन्हें समझाया गया कि कचरे को सही तरीके से अलग-अलग डालने से उसके प्रबंधन और निस्तारण में मदद मिलती है। रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए यात्रियों से जिम्मेदारीपूर्वक अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
यात्रियों के सुझावों से बेहतर होंगी सुविधाएं
कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों और समस्याओं को समझना भी रहा। इस दौरान यात्रियों से रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं के संबंध में सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त की गईं। इन सुझावों के माध्यम से सुविधाओं में सुधार करने और यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक एवं सुखद बनाने पर जोर दिया गया।
मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों से अपील की कि वे एकल उपयोग प्लास्टिक से बचें, कचरे का उचित पृथक्करण करें और रेलवे स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। रेलवे प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहित करना है।
