भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य को राज्यसभा सांसद निर्विरोध निर्वाचित होने पर दी बधाई – Republic India News

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य को राज्यसभा सांसद निर्विरोध निर्वाचित होने पर दी बधाई

भट्ट बोले—उच्च सदन में उत्तराखंड के कमजोर और पिछड़े वर्गों की आवाज बनेंगे दिनेश आर्य

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य के राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य अपने राजनीतिक और सांगठनिक अनुभव के माध्यम से उत्तराखंड के विकास से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से उठाएंगे। साथ ही प्रदेश के कमजोर और पिछड़े वर्गों की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आवाज देंगे।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य का राज्यसभा के लिए चयन संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके उच्च सदन में पहुंचने से उत्तराखंड की विकास संबंधी प्राथमिकताओं और जनहित के विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखने में मदद मिलेगी।

भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे ‘विकसित उत्तराखंड’ के विजन को गति देने में योगदान देंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य का लंबा सांगठनिक अनुभव और आम जनता से जुड़ाव प्रदेश के हितों को आगे बढ़ाने में उपयोगी साबित होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्यसभा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए दिनेश आर्य प्रदेश की समस्याओं, विकास की जरूरतों और समाज के कमजोर एवं पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।

दिनेश आर्य के निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर भाजपा प्रदेश नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी प्रसन्नता व्यक्त की तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *