डीएम डॉ. आशीष चौहान ने पारदर्शिता और प्रभावी मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
देहरादून। निर्वाचन नामावली में नाम जुड़ने से वंचित रह गए पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए देहरादून जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान को पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक तीन दिनों तक बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि अभियान में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक आयोजित कर अभियान की प्रक्रिया और समय-सारणी की जानकारी साझा की जाए।
उन्होंने बीएलओ को भी उनके दायित्वों और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में स्पष्ट निर्देश देने को कहा। साथ ही बूथ स्तर से लेकर घर-घर सत्यापन तक प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्राप्त आवेदनों व फॉर्म-6 की नियमानुसार जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ-साथ निर्वाचन नामावली को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रवार एवं बूथवार प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाने तथा प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, कांग्रेस से जसविन्दर सिंह गोगी व सुनील जायसवाल, सीपीआई(एम) से अनंत आकाश और आम आदमी पार्टी से कमल राणा सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। निर्वाचन से जुड़े अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
