मसूरी शरदोत्सव 2026 का भव्य आगाज, लोक संस्कृति के रंग में रंगा गांधी चौक – Republic India News

मसूरी शरदोत्सव 2026 का भव्य आगाज, लोक संस्कृति के रंग में रंगा गांधी चौक

पद्मश्री बसंती बिष्ट के जागर और पांडवाज बैंड की प्रस्तुति ने बांधा समां, बारिश-कोहरे के बीच उमड़ा उत्साह

मसूरी/देहरादून। पर्यटन नगरी मसूरी में मंगलवार को ‘मसूरी शरदोत्सव-2026’ का रंगारंग आगाज हुआ। नगर पालिका परिषद मसूरी की ओर से आयोजित पांच दिवसीय सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव 6 से 10 अक्टूबर तक चलेगा। गांधी चौक पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने ध्वजारोहण कर शरदोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

लोक संस्कृति और देवभूमि की परंपराओं का दिखा रंग

शरदोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मसूरी का गांधी चौक उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगा नजर आया। रिमझिम बारिश, घना कोहरा और ठंडी हवाओं के बीच स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

उत्सव के पहले दिन नगर पालिका टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत पद्मश्री बसंती बिष्ट के पारंपरिक जागर गायन से हुई। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को उत्तराखंड की लोक एवं देव संस्कृति से जोड़ा और पूरा सभागार मंत्रमुग्ध हो उठा।

इसके बाद पांडवाज बैंड ने पारंपरिक उत्तराखंडी वाद्ययंत्रों और आधुनिक वाद्ययंत्रों के शानदार संगम के साथ गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को और भी जीवंत कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।

खेल प्रतियोगिताओं का भी हुआ शुभारंभ

शरदोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन एमपीजी कॉलेज में मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में स्नूकर प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

शुभारंभ अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, एसडीएम राहुल आनंद, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, सभासद गौरी थपलियाल, शिवानी भारती, पवन थलवाल, रणवीर कंडारी, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कुशाल राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पर्यटक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शरदोत्सव के आगामी दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *