26 जुलाई को गांधी पार्क में होगा मुख्य समारोह, वीरांगनाओं, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को मिलेगा सम्मान; शहर गूंजेगा देशभक्ति के गीतों से
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस को ‘शौर्य दिवस’ के रूप में पूरे सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह ऐतिहासिक गांधी पार्क में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वीर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और माताओं को सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
25 जुलाई से गूंजेंगे देशभक्ति के गीत
शौर्य दिवस के माहौल को और अधिक प्रेरणादायक बनाने के लिए संस्कृति विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 25 जुलाई की शाम 5 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाए। मुख्य समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
स्कूलों में होंगी पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं
नई पीढ़ी को कारगिल के वीरों के शौर्य से परिचित कराने के लिए शिक्षा विभाग स्कूलों में जूनियर वर्ग के लिए पेंटिंग तथा सीनियर वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित करेगा। विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
शहीद परिवारों के लिए विशेष व्यवस्थाएं
सैनिक कल्याण एवं परिवहन विभाग को शहीदों के आश्रितों, वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों के आवागमन की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम गांधी पार्क और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान, मोबाइल टॉयलेट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
सुरक्षा और यातायात रहेगा व्यवस्थित
कार्यक्रम के लिए वॉटरप्रूफ टेंट, बैरिकेडिंग, वीआईपी सीटिंग, मंच, पेयजल और भव्य सजावट की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस और ट्रैफिक विभाग को यातायात एवं पार्किंग की समुचित योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सैनिक कल्याण विभाग को सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
