देहरादून। बरसात के मौसम में आमजन की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र के मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया, स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी स्थिति में स्थानीय लोगों के आवागमन में बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके लिए मोटर मार्ग पर सभी सुरक्षात्मक कार्यों के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर प्रोटेक्शन नेट (सुरक्षात्मक जाल) लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा बरसात के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं और मार्ग अवरोध जैसी स्थितियों से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह रावत, मंजीत रावत, किरन, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता संजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
