मसूरी। गंगा दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर मसूरी स्थित मां सुरकंडा मंदिर जबरखेत में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां सुरकंडा के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद लिया।
मंदिर के मुख्य पुजारी संजीत लेखवार ने प्रातःकाल गणेश पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की। इसके बाद सर्वदेव पूजन संपन्न हुआ तथा मां सुरकंडा की प्रतिमा का विधिवत स्नान, श्रृंगार और पूजन किया गया। हवन एवं भव्य आरती के साथ पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जहां भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनियों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी की पत्नी निर्मला जोशी, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री नरेंद्र मेलवान, अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा, मंडल उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने मां सुरकंडा के चरणों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंदिर में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही।
