चारधाम यात्रा सीजन में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 60 वाहनों के चालान, 3 कारें सीज
मसूरी। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते बढ़ते यातायात दबाव के बीच मसूरी पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में 60 वाहनों के चालान किए गए, जबकि ड्रिंक एंड ड्राइव में पकड़ी गई 3 कारों को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान काली फिल्म लगे वाहन, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चेकिंग कर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के कारण मसूरी में लगातार ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क किनारे खड़े वाहन न केवल जाम का कारण बनते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाते हैं।
अभियान की प्रमुख कार्रवाई
- 55 चालान नो पार्किंग के मामले में न्यायालय भेजे गए
- 2 वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगाने पर कार्रवाई
- 1 हजार रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया
- ड्रिंक एंड ड्राइव में पकड़ी गई 3 कारें सीज
मसूरी पुलिस ने साफ किया कि आने वाले दिनों में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
