उत्तराखंड

अक्टूबर में दिसंबर जैसी सर्दी का हुआ एहसास

हिमालयी क्षेत्रों जैसे केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में कल सोमवार 6 अक्टूबर से ही बर्फबारी हो रही है।

चमोली। 07 अक्टूबर 2025:  उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मॉनसून तो उत्तराखंड से विदा हो गया, लेकिन बारिश और बर्फबारी की दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ जहां मौसम विभाग ने मध्य हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया हुआ है तो वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों जैसे केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में कल सोमवार 6 अक्टूबर से ही बर्फबारी हो रही है।

राजधानी देहरादून समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी। कई जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब जैसे क्षेत्रों में बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया है।

देर शाम से अचानक चमोली जनपद में मौसम ने करवट बदलने के साथ-साथ शाम से ही हल्की-हल्की ठंड की दस्तक ने क्षेत्र में ठंड बढ़ा दी है। वहीं अब स्थानीय लोगों ने गर्म कपड़े निकालना शुरू कर दिए हैं। शाम होते-होते ही रात होने से पहले ही हल्की-हल्की बारिश ने ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया था।

बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में हुई बर्फबारी से पर्यटक भी काफी खुश नजर आ रहे है। अक्टूबर के पहले हफ्ते में बहुत ही कम बर्फबारी होती है, लेकिन इस बार मौसम कुछ अलग ही खेल खेल रहा है। यहीं कारण है कि मॉनसून के जाते ही बर्फबारी शुरू हो गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर गौर करें तो पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं पर भारी बारिश और चार हजार से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई थी।

बारिश को लेकर तो मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया हुआ है। मौसम विभाग ने जो सूचना जारी की थी, उसके अनुसार कल यानी बुधवार आठ अक्टूबर से बारिश और बर्फबारी का दौर थम जाएगा। यानी लोगों को बारिश के राहत मिलेगी। बता दें कि इस साल बारिश ने उत्तराखंड को काफी नुकसान पहुंचाया है। बारिश के कारण उत्तराखंड में कई लोगों की मौत भी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button